पटना में आज शाम 7बजे ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद होगी लाइट्स, सड़क पर रूक जाएंगी गाड़ियां; सिविल डिफेंस की मॉकड्रिल
पटना में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आज सिविल डिफेंस मॉकड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में ब्लैकआउट रहेगा।
पटना: पटना में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आज सिविल डिफेंस मॉकड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक पटना के शहरी क्षेत्रों में ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान सायरन बजते ही लोगों को अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद करनी होंगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों की सभी लाइटें बंद रखें. साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने और मॉकड्रिल को गंभीरता से लेने की अपील की है, ताकि किसी वास्तविक आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में प्रशासन और आम लोग बेहतर तरीके से तैयार रह सकें। जिलाधिकारी ने कहा है कि ब्लैकआउट के दौरान लोग पूरी तरह शांत रहें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा, “यह केवल तैयारी का हिस्सा है। इसका उद्देश्य नागरिकों और विभिन्न विभागों की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना है।”
प्रशासन के मुताबिक यह मॉकड्रिल सिर्फ पटना नगर निगम क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा । दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्रों में भी ब्लैकआउट और हवाई हमलों से बचाव को लेकर अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से आपातकालीन प्रतिक्रिया का अभ्यास करेंगी।
प्रशासन की एडवाइजरी के अनुसार घर, दुकान और कार्यालय की सभी लाइटें बंद रखें। इन्वर्टर और जनरेटर भी बंद कर दें। खिड़की और दरवाजों के पर्दे बंद रखें। वाहन चला रहे हों तो तुरंत सुरक्षित किनारे लगाकर इंजन बंद करें। टीवी, मोबाइल या रेडियो के जरिए सरकारी निर्देश सुनते रहें। जरूरी दवाइयां और टॉर्च पहले से तैयार रखें। परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
नहीं करें ये काम
ब्लैकआउट के दौरान किसी भी प्रकार की रोशनी न करें। सड़क पर भीड़ न लगाएं और शोर-शराबा न करें। अफवाहें न फैलाएं और भ्रामक जानकारी साझा न करें। वाहन की हेडलाइट या अन्य लाइट चालू न रखें। बेवजह इमरजेंसी सेवाओं पर कॉल न करें। छतों और गलियों में अनावश्यक घूमने से बचें। सरकारी निर्देशों की अनदेखी न करें।
dhananjaykumarroy